छिंदवाड़ा में दर्दनाक हादसा: 10वीं की छात्रा ने छत से कूदकर दी जान, कारणों की जांच जारी; परिजन हुए बेसुध
छिंदवाड़ा के बरारीपुरा में 15 वर्षीय छात्रा हिमाक्षी डेहरिया ने चार मंजिला मकान की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
छिंदवाड़ा शहर के बरारीपुरा क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 15 वर्षीय छात्रा ने पड़ोसी के मकान की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान हिमाक्षी डेहरिया (15), पिता रिक्की डेहरिया, निवासी बरारीपुरा के रूप में हुई है। वह शहर के एमएलबी स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक, छात्रा का व्यवहार सामान्य था और किसी तरह की परेशानी का कोई स्पष्ट संकेत पहले सामने नहीं आया था।
पढ़ें: पत्नी ने प्रेमी के हाथों पति को दिलवाई खौफनाक मौत, बेटी के सामने मारी गोली; फिर रची कहानी
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे छात्रा घर से निकली और पास ही स्थित एक चार मंजिला मकान की छत पर पहुंच गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अचानक नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन बना रहा। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों, मित्रों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अन्य सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X